अम्बेडकरनगर: उत्तर प्रदेश के अम्बेडकरनगर जिले की भीटी थाना पुलिस को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक मुठभेड़ के दौरान अंतरराज्यीय गांजा तस्कर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक महिला भी शामिल है।

22 लाख का गांजा बरामद
पुलिस टीम ने भीटी थानाक्षेत्र के इटवा तेजापुर के पास घेराबंदी कर तस्करों को दबोचा। इनके पास से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 22 लाख रुपये बताई जा रही है। तस्करी में इस्तेमाल होने वाले दो वाहन भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिए हैं।

महिला को बनाते थे ‘सुरक्षा कवच’
पूछताछ में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। तस्कर पुलिस की चेकिंग और शक से बचने के लिए अपने साथ गाड़ी में एक महिला को रखते थे, ताकि रास्ते में उन्हें एक सामान्य परिवार समझा जाए और कोई तलाशी न ले।

मध्य प्रदेश से जुड़ा है नेटवर्क
गिरफ्तार आरोपियों ने कुबूल किया है कि वे मध्य प्रदेश (MP) से गांजे की खेप लाकर अम्बेडकरनगर और आसपास के जिलों में सप्लाई करते थे। पुलिस अब इस नेटवर्क के मुख्य सरगना और अन्य खरीदारों की तलाश में जुट गई है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *