पूरनपुर। पूरनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-730 (NH-730) पर तिवारी पेट्रोल पंप के पास सोमवार को एक तेज रफ्तार डंपर और कार की सीधी भिड़ंत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सितारगंज क्षेत्र के शक्ति फार्म से एक ही परिवार के लोग गोला गोकर्णनाथ में अपनी बहन के घर नवजात शिशु को देखने जा रहे थे। इसी दौरान उनकी कार (संख्या UK 18A 6243) की सामने से आ रहे डंपर (संख्या UP 31 BT 5892) से भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और चालक तारक कार में ही फंस गया, जिसकी कटर की मदद से बाहर निकालने से पहले ही मौके पर मौत हो चुकी थी।


​घटना के तुरंत बाद स्थानीय निवासियों और पुलिस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पूरनपुर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने साधना और शिपाली को भी मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल शांतनु और खुशबू की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल पीलीभीत रेफर किया गया है, जहां खुशबू की स्थिति गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
​मामले की जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक हिमांशु गौरव ने बताया कि दुर्घटना के बाद ट्रक/डंपर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया है। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई और जांच शुरू कर दी है। मौके से वाहनों को हटाकर एनएच-730 पर यातायात व्यवस्था सुचारू करा दी गई है और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi