जसपुर। ऊधमसिंहनगर पुलिस की ओर से नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन प्रहार के तहत जसपुर कोतवाली पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में दो लोगों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार दोनों मामलों में नशीले पदार्थ बरामद किए गए हैं। कार्रवाई के दौरान दो मोटरसाइकिलें भी पुलिस ने कब्जे में ली हैं।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत पहली कार्रवाई 18 सितंबर की रात सूतमिल पुलिस चौकी क्षेत्र में कासमपुर-शरीफ नगर रोड पर चेकिंग के दौरान की गई। पुलिस ने मोटरसाइकिल संख्या UK18C-0029 की जांच के दौरान 720 ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए जाने का दावा किया।
पुलिस ने मौके से मौ. गुलशेर (26) निवासी शरीफ नगर, कुआं खेड़ा, थाना ठाकुरद्वारा, जिला मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार मामले में जसपुर कोतवाली में मुकदमा संख्या 418/26 के तहत धारा 8/22/60 एनडीपीएस एक्ट में प्राथमिकी दर्ज की गई है। कार्रवाई में संबंधित मोटरसाइकिल को भी कब्जे में लिया गया है।
दूसरी कार्रवाई में बाजार चौकी पुलिस टीम ने कलियांवाला से तहसील रोड के पास चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल संख्या UK06AA-1970 से 7.88 ग्राम स्मैक बरामद किए जाने का दावा किया। पुलिस के अनुसार मौके से शहजाद हुसैन (30) निवासी मोहल्ला पट्टी चौहान, जसपुर को गिरफ्तार किया गया।

इस मामले में जसपुर कोतवाली में मुकदमा संख्या 416/26 के तहत धारा 8/22/60 एनडीपीएस एक्ट में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने संबंधित मोटरसाइकिल को भी कब्जे में लिया है।
पुलिस के मुताबिक दोनों मामलों में बरामद पदार्थों और अन्य साक्ष्यों को जांच में शामिल किया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई विवेचना और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक राजेश पाण्डेय, उपनिरीक्षक राजेंद्र प्रसाद, चौकी प्रभारी बाजार, उपनिरीक्षक प्रियांशु जोशी तथा कांस्टेबल प्रवीन्द्र सिंह, अरुण कुमार, कुलदीप सिंह, भवान सिंह और दीपक जलाल शामिल रहे।
नोट: खबर में लगाए गए आरोप पुलिस की ओर से दी गई जानकारी और दर्ज प्राथमिकी पर आधारित हैं।