सितारगंज। अवैध मादक पदार्थों और शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सितारगंज पुलिस ने बसगर क्षेत्र के जंगल में अवैध कच्ची शराब की भट्टी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस टीम ने मौके से करीब 200 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की, जबकि शराब बनाने के लिए तैयार किया जा रहा करीब 800 लीटर लहन मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर के आदेश एवं निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों और शराब के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी सितारगंज के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सितारगंज सुंदरम शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।पुलिस को सूचना मिली थी कि बसगर वन विभाग बैरियर से करीब एक किलोमीटर अंदर जंगल में अवैध रूप से कच्ची शराब तैयार की जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल जंगल में दबिश दी। मौके पर झाड़ियों की आड़ से देखा गया तो जंगल के बीच अवैध कच्ची शराब की भट्टी जलती हुई मिली।

पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले भट्टी के पास मौजूद तीन लोग जंगल की ओर भाग निकले। पुलिस टीम ने मौके का निरीक्षण किया तो जमीन में गड्ढा खोदकर उसमें लकड़ियां डालकर आग जलाई गई थी। आग के ऊपर लोहे के ड्रम रखकर कच्ची शराब तैयार की जा रही थी।

मौके से तीन रबर की ट्यूबों में करीब 200 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। इसके अलावा शराब बनाने में इस्तेमाल किए जा रहे दो लोहे के ड्रम, दो एल्युमिनियम पाइप, दो अधजली लकड़ियां और दो प्लास्टिक की बाल्टियां भी बरामद की गईं।

पुलिस ने मौके पर शराब तैयार करने के लिए रखा करीब 800 लीटर लहन नष्ट कर दिया। बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस मामले में कोतवाली सितारगंज में मु0अ0सं0 460/2026, धारा 60(1)/60(2) आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश और तलाश कर रही है।

फरार आरोपी

  1. सोनू सिंह पुत्र गुरदीप सिंह, निवासी कुशमोड़ा, सितारगंज, ऊधमसिंहनगर।
  2. गुरमीत सिंह पुत्र जोगेंद्र सिंह, निवासी कुशमोड़ा, सितारगंज, ऊधमसिंहनगर।
  3. संजू सिंह पुत्र राम सिंह, निवासी बसगर शक्तिफार्म, सितारगंज, ऊधमसिंहनगर।

बरामदगी

  • करीब 200 लीटर अवैध कच्ची शराब
  • करीब 800 लीटर लहन नष्ट
  • 02 लोहे के ड्रम
  • 02 एल्युमिनियम पाइप
  • 02 अधजली लकड़ियां
  • 02 प्लास्टिक की बाल्टियां
  • 03 रबर की ट्यूब

पुलिस टीम

कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा, उपनिरीक्षक जगदीश तिवारी, अपर उपनिरीक्षक कमलेश मेहरा, हेड कांस्टेबल मतलूब खान, हेड कांस्टेबल नवनीत कुमार और कांस्टेबल सचिन शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi