सीतापुर। अपनी शिकायत पर थाने में कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए एक फरियादी मंगलवार को अनोखे अंदाज में भैंस लेकर कलेक्ट्रेट पहुंच गया। फरियादी ने चार लोगों पर जमीन पर कब्जा करने और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट करने का आरोप लगाते हुए विपक्षियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
मामला पिसावां थाना क्षेत्र के कोटरा देवकली गांव का बताया जा रहा है। फरियादी के अनुसार, जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच कई वर्षों से विवाद चला आ रहा है। आरोप है कि विपक्षियों ने उसकी जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई।
फरियादी का कहना है कि उसने मामले को लेकर थाने में शिकायत की थी, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इससे परेशान होकर वह अपनी भैंस लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचा और अधिकारियों के सामने अपनी शिकायत रखी। उसका कहना था कि जब थाने स्तर पर सुनवाई नहीं हुई तो उसे उच्च अधिकारियों के समक्ष अपनी फरियाद लेकर आना पड़ा।
कलेक्ट्रेट में फरियादी ने विपक्षियों के खिलाफ कार्रवाई और जमीन संबंधी विवाद का निष्पक्ष निस्तारण कराने की मांग की। मामले को गंभीरता से लेते हुए मजिस्ट्रेट ने एसडीएम महोली को प्रकरण की जांच के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन की जांच के बाद ही जमीन विवाद और लगाए गए अन्य आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले में दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से चले आ रहे विवाद को लेकर जांच शुरू कर दी गई है।