​पीलीभीत। जनपद में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और उससे उत्पन्न गंभीर जलभराव की स्थिति को देखते हुए उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (पीलीभीत) ने जिले के विद्यालयों में अवकाश घोषित करने की मांग उठाई है। संघ की जिला मंत्री रश्मि यादव ने जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) को एक पत्र भेजकर छात्रों और शिक्षकों की सुरक्षा के हित में स्थिति सामान्य होने तक भौतिक कक्षाओं को स्थगित करने की अपील की है।
​पत्र में अवगत कराया गया है कि बारिश के कारण जिले के विभिन्न क्षेत्रों और कई विद्यालय परिसरों में पानी भर गया है। इसके अलावा, जनपद के अनेक विद्यालयों की इमारतें पुरानी और जर्जर अवस्था में हैं, जिससे किसी भी संभावित हादसे या अप्रिय घटना का खतरा बना हुआ है। ऐसे में विद्यार्थियों और शिक्षकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए त्वरित निर्णय लिया जाना अत्यंत आवश्यक है।


​शिक्षक संघ ने यह भी सुझाव दिया है कि अवकाश के दौरान छात्र-छात्राओं का पठन-पाठन प्रभावित न हो, इसके लिए विद्यालयों में ऑनलाइन माध्यम से शिक्षण कार्य सुचारू रूप से संचालित कराने के निर्देश दिए जाएं। संघ ने उम्मीद जताई है कि जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग जनहित में शीघ्र ही उचित कदम उठाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi