पिथौरागढ़। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच सोमवार दोपहर घाट-पनार मार्ग पर मसान बाबा मंदिर के पास पहाड़ी से अचानक विशाल बोल्डर गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया। बोल्डर की चपेट में आने से ऑल्टो कार संख्या UK05TA2878 बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार संदीप कुमार (35) पुत्र भवानी राम की मौत हो गई, जबकि सुनील कुमार (23) पुत्र आनंद राम, राहुल कुमार पुत्र शंकर, मनोहर लाल पुत्र जोगाराम और सुभाष राम पुत्र शिवराम घायल हो गए। सभी ग्राम टिम्टा, तहसील गंगोलीहाट, जिला पिथौरागढ़ के निवासी बताए गए हैं।

हादसे के बाद दो लोग वाहन के अंदर फंस गए, जबकि दो यात्री छिटककर उफनती सरयू नदी के किनारे जा गिरे। तेज बहाव और लगातार बारिश के बीच रेस्क्यू अभियान बेहद जोखिम भरा रहा। स्थानीय लोगों ने जान की परवाह किए बिना प्रशासन और राहत टीमों का सहयोग किया और नदी की ओर उतरकर घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने में अहम भूमिका निभाई।

रेस्क्यू अभियान में होटल स्वामी पप्पू सामंत, श्याम सिंह सामंत, मदन सामंत और लाल सिंह सामंत ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने उफनती नदी के किनारे पहुंचकर घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की।

हादसे की सूचना मिलते ही पिथौरागढ़ के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जे.एस. चुफाल के निर्देश पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रशांत कौशिक के नेतृत्व में चिकित्सा टीमें मौके पर पहुंचीं। संदीप कुमार को अस्पताल पहुंचने से पहले ही मृत घोषित कर दिया गया।

घायलों में एक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे लोहाघाट रेफर किया गया, जबकि तीन अन्य घायलों को बेहतर उपचार के लिए पिथौरागढ़ अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।

लगातार बारिश के बीच हुए इस हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी मार्गों पर भूस्खलन और बोल्डर गिरने के खतरे को सामने ला दिया है। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान उफनती सरयू नदी के किनारे स्थानीय लोगों की तत्परता से घायलों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाला जा सका।

रेस्क्यू में सहयोग करने वाले स्थानीय लोग: पप्पू सामंत, श्याम सिंह सामंत, मदन सामंत और लाल सिंह सामंत।

मृतक: संदीप कुमार (35) पुत्र भवानी राम।

घायल: सुनील कुमार (23) पुत्र आनंद राम, राहुल कुमार पुत्र शंकर, मनोहर लाल पुत्र जोगाराम और सुभाष राम पुत्र शिवराम।

घायलों से मिले सीएमओ, चिकित्सकों को दिए बेहतर उपचार के निर्देश

पिथौरागढ़। घाट-पनार सड़क पर हुए हादसे में घायल लोगों का हाल जानने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जे.एस. चुफाल स्वयं जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और उन्हें ढांढस बंधाया।

सीएमओ ने अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों से घायलों की स्थिति की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने संबंधित चिकित्सकों को तत्काल बुलाकर घायलों के लिए समुचित और बेहतर चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित कराई।

उन्होंने चिकित्सकों को निर्देश दिए कि घायलों के उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं तत्काल उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi