रुद्रपुर। आगामी 10 सितंबर को रुद्रपुर में प्रस्तावित पंजाबी गौरव सम्मेलन और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के आगमन को लेकर पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को भाजपा जिला कार्यालय में ऊधमसिंहनगर एवं काशीपुर जिले की संयुक्त व्यवस्था बैठक आयोजित कर सम्मेलन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान कार्यक्रम को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को अलग-अलग व्यवस्थाओं की जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का हल्द्वानी और रुद्रपुर प्रवास प्रस्तावित है। हल्द्वानी में वह पूर्व सैनिक सम्मान कार्यक्रम में शामिल होंगे, जबकि रुद्रपुर में आयोजित पंजाबी गौरव सम्मेलन में शिरकत कर समाज के लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे को देखते हुए भाजपा दोनों कार्यक्रमों को सफल बनाने में जुटी है।
इसी क्रम में ऊधमसिंहनगर और काशीपुर संगठन की संयुक्त बैठक आयोजित कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। जिलाध्यक्ष कमल कुमार जिंदल ने स्वागत भाषण देते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन और पंजाबी गौरव सम्मेलन को संगठन के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताया। बैठक का संचालन जिला महामंत्री तरुण दत्ता ने किया, जबकि कार्यक्रम के संयोजक संदीप बाजवा रहे।
बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सांसद अजय भट्ट और कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए तैयारियों की समीक्षा की। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने सम्मेलन की प्रस्तावित रूपरेखा और विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभानी होगी। उन्होंने दोनों जिलों के पदाधिकारियों से आपसी समन्वय बनाकर सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने का आह्वान किया।
बैठक में सम्मेलन में लोगों की सहभागिता, आगमन एवं स्वागत व्यवस्था, कार्यक्रम स्थल की तैयारियों सहित विभिन्न संगठनात्मक जिम्मेदारियों पर चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में संपर्क अभियान तेज करने और अधिक से अधिक लोगों तक सम्मेलन का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया।
वक्ताओं ने कहा कि पंजाबी समाज ने देश के विभाजन की त्रासदी और विस्थापन की कठिनाइयों का सामना करने के बावजूद अपने परिश्रम, पुरुषार्थ और राष्ट्रभक्ति से देश एवं प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उद्योग, व्यापार, कृषि, शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र सहित विभिन्न क्षेत्रों में पंजाबी समाज की उल्लेखनीय भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि पंजाबी गौरव सम्मेलन समाज के संघर्ष, संस्कृति, गौरव और राष्ट्र निर्माण में योगदान को सम्मान देने का अवसर है।
वक्ताओं ने कहा कि तराई क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास में भी पंजाबी समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। रुद्रपुर में होने वाला यह सम्मेलन केवल संगठनात्मक आयोजन नहीं, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों के साथ संवाद और सहभागिता को मजबूत करने का माध्यम भी बनेगा। कार्यकर्ताओं से आह्वान किया गया कि उन्हें जो भी जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका पूरी गंभीरता और निष्ठा से निर्वहन करें।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, प्रदेश महामंत्री तरुण, ऊधमसिंहनगर जिलाध्यक्ष कमल कुमार जिंदल, काशीपुर जिलाध्यक्ष मनोज पाल, विधायक शिव अरोरा, विधायक हरभजन सिंह चीमा, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, रुद्रपुर महापौर विकास शर्मा, काशीपुर महापौर दीपक बाली, दर्जा राज्यमंत्री उत्तम दत्ता, किसान आयोग उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह नामधारी, जिला सह प्रभारी साकेत अग्रवाल, धन सिंह रावत, पूर्व मेयर रामपाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।