रुद्रपुर। खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने लालपुर क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। सहायक आयुक्त खाद्य संरक्षा ललित मोहन पाण्डे के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान दो मिठाई प्रतिष्ठानों से विभिन्न मिठाइयों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई।

अभियान के दौरान राहुल गुम्बर के प्रतिष्ठान मैसर्स गट्टूमल स्वीट्स से बर्फी और गुलाब जामुन के नमूने लिए गए। इसके अलावा यशदीप सिंह के प्रतिष्ठान मैसर्स कमल स्वीट्स से छेना मिठाई और पेड़े के नमूने लिए गए।

खाद्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, सभी नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई के दौरान दोनों मिठाई दुकानदारों को दुकान और निर्माणशाला में आवश्यक सुधार करने के संबंध में नोटिस भी जारी किए गए। विभाग ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिष्ठान संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

चेकिंग अभियान में सहायक आयुक्त खाद्य संरक्षा ललित मोहन पाण्डे, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती आशा आर्या समेत विभागीय अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। खाद्य विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र के खाद्य कारोबारियों में भी हड़कंप की स्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi