सितारगंज। लगातार बारिश के बीच बिजटी पुल के पास पानी के तेज बहाव ने सड़क को काट दिया है। सड़क कटने से उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के बीच संपर्क प्रभावित हो गया है। मौके पर हालात को देखते हुए पुल को भी खतरा पैदा होने की आशंका जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि पानी के तेज बहाव के कारण सड़क का बड़ा हिस्सा कट गया, जिससे इस मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया है। स्थिति को देखते हुए लोगों में भी चिंता बढ़ गई है।
घटना की सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग (PWD) की टीम मौके पर पहुंच गई है और स्थिति का जायजा लिया जा रहा है। विभागीय अधिकारियों की ओर से सड़क और पुल को और अधिक नुकसान से बचाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाने की तैयारी की जा रही है।
सितारगंज क्षेत्र में लगातार बारिश के कारण पहले से ही नदी-नालों का जलस्तर बढ़ा हुआ है और कई स्थानों पर भू-कटाव की स्थिति बनी हुई है। मंगलवार को क्षेत्र में भारी बारिश के बाद कैलाश और बैगुल नदियों के जलस्तर में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
फिलहाल बिजटी पुल के पास सड़क कटने के कारण उत्तराखंड-यूपी मार्ग पर आवाजाही प्रभावित है। प्रशासन और संबंधित विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।