हरियाणा। यमुनानगर जिले के हथिनीकुंड बैराज क्षेत्र में मंगलवार को बाढ़ राहत प्रशिक्षण और मॉक ड्रिल के दौरान बड़ा हादसा हो गया। प्रशिक्षण के दौरान जवानों को लेकर जा रही मोटरबोट यमुना नदी में पलट गई। हादसे के बाद एक जवान लापता हो गया, जबकि तीन जवानों ने तैरकर अपनी जान बचाई।

जानकारी के मुताबिक, प्रशिक्षण अभ्यास के दौरान नाव में चार जवान सवार थे। इसी दौरान नाव में तकनीकी खराबी आने के बाद वह यमुना के तेज बहाव में पलट गई और जवान पानी में फंस गए। तीन जवान किसी तरह तैरकर सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि एक जवान का पता नहीं चल सका।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचीं। लापता जवान की तलाश के लिए यमुना में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। हादसे के कारणों की जांच भी की जा रही है।

हथिनीकुंड बैराज पर बाढ़ राहत प्रशिक्षण का उद्देश्य आपदा की स्थिति में बचाव एवं राहत कार्यों के लिए जवानों को तैयार करना है। इसी तरह के प्रशिक्षण शिविर यहां मानसून से पहले भी आयोजित किए जाते रहे हैं।

फिलहाल रेस्क्यू टीमें लापता जवान को तलाशने में जुटी हैं। प्रशासन और पुलिस की निगरानी में बचाव अभियान जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi