​पीलीभीत। भारतीय किसान यूनियन (भानू) की जिला स्तरीय मासिक पंचायत का आयोजन मंगलवार को कृषक विश्राम गृह, मंडी परिषद में जिला अध्यक्ष भजनलाल क्रोधी की अध्यक्षता में किया गया। पंचायत के दौरान पूर्व में सौंपे गए ज्ञापनों पर कोई कार्रवाई न होने के विरोध में संगठन ने आज पुनः मंडी सचिव पीलीभीत को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।
​पंचायत को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष भजनलाल क्रोधी ने कहा कि आवारा पशुओं से निजात, मंडी समिति में व्याप्त समस्याएं, बिजली-पानी और क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति जैसी कई जनसमस्याएं लंबे समय से लंबित हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले के समस्त विकास खंडों में मुख्यमंत्री आवास योजना में धांधली हो रही है। इसके साथ ही यातायात पुलिस द्वारा विभिन्न चौराहों पर भोले-भाले किसानों से अवैध वसूली, श्रम प्रवर्तन अधिकारी कार्यालय में घोटाले और आरटीओ कार्यालय में बिना दलालों के ड्राइविंग लाइसेंस न बनने जैसी गंभीर समस्याएं जिले में बनी हुई हैं। उन्होंने जिला प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि सितंबर माह में इन सभी समस्याओं का स्थाई निस्तारण नहीं किया गया, तो अक्टूबर माह में भारतीय किसान यूनियन (भानू) एक विशाल आंदोलन करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी पीलीभीत जिला प्रशासन की होगी।
​इस मासिक पंचायत में मुख्य रूप से तहसील अध्यक्ष (पीलीभीत) नंदकिशोर राठौर, जिला महामंत्री अशोक राठौड़, जिला सचिव बालमुकुंद प्रजापति, जिला महासचिव रघुवर सिंह प्रजापति, जिला अध्यक्ष अल्पसंख्यक निसहर शाह, जिला संगठन मंत्री अयूब खान, आदिल खान, ब्लॉक अध्यक्ष (ललौरीखेड़ा) सुखलाल गंगवार, राम बहादुर पाल, दौलत सिंह प्रजापति, महेश कुमार पासवान (ब्लॉक सचिव, ललौरीखेड़ा) सहित अनेक पदाधिकारी एवं किसान कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi