नई टिहरी। पूर्व पर्यटन मंत्री दिनेश सिंह धनाई ने विकासखंड चंबा के अंतर्गत ग्राम सभा सिलोगी और खड़ीखाल का भ्रमण कर ग्रामीणों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से क्षेत्र की समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की।
भ्रमण के दौरान ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और पलायन सहित विभिन्न समस्याएं पूर्व मंत्री के सामने रखीं। धनाई ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
विद्यालय बंद नहीं करने की मांग
सिलोगी के ग्रामीणों ने गांव तक सड़क सुविधा उपलब्ध कराने के साथ ही छात्र संख्या कम होने के कारण विद्यालय को बंद नहीं किए जाने की मांग रखी। ग्रामीणों का कहना था कि विद्यालय ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों की शिक्षा के लिए महत्वपूर्ण है।
वहीं खड़ीखाल में बलबीर पुण्डीर ने आराकोट-खड़ीखाल सड़क के डामरीकरण, पटवारी चौकी और एएनएम सेंटर खोलने की मांग पूर्व मंत्री के सामने रखी।
ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को बताया प्राथमिकता
दिनेश सिंह धनाई ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का विकास और जनता की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यदि जनता का आशीर्वाद मिला तो ग्रामीणों के साथ मिलकर क्षेत्र के विकास के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
पूर्व मंत्री ने अपने कार्यकाल के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र के लोगों की मांग पर सुरकंडा पेयजल योजना को उनके कार्यकाल में स्वीकृत कर धरातल पर उतारा गया और आज पूरे क्षेत्र में इस योजना से पानी का वितरण हो रहा है।
उन्होंने कहा कि आराकोट-खड़ीखाल सड़क का निर्माण भी उनके कार्यकाल में कराया गया था, लेकिन वर्तमान में डामरीकरण नहीं होने के कारण सड़क पर वाहनों के आवागमन में परेशानी हो रही है।
पूर्व मंत्री ने गिनाईं अपने कार्यकाल की उपलब्धियां
धनाई ने कहा कि उनके कार्यकाल में टिहरी विधानसभा क्षेत्र में साढ़े तीन करोड़ रुपये मुख्यमंत्री राहत कोष से जरूरतमंद लोगों को वितरित किए गए। उन्होंने दावा किया कि उनके कार्यकाल में दो हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली।
उन्होंने कहा कि चंबा में पर्यटन विभाग के माध्यम से पांच पार्किंग का निर्माण कराया गया। इसके अलावा टिहरी विधानसभा क्षेत्र में दर्जनों सड़कों को स्वीकृति दिलाई गई, जिनका बाद में आने वाले जनप्रतिनिधियों द्वारा भी लोकार्पण और शिलान्यास किया जा रहा है।
आगामी चुनाव के लिए मांगा जनसमर्थन
पूर्व मंत्री दिनेश सिंह धनाई ने आगामी चुनाव में विकास के मुद्दे पर जनता से समर्थन मांगा। उन्होंने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा, “तुम मुझे वोट दो, मैं तुम्हें विकास दूंगा।”
इस अवसर पर प्रधान सिलोगी सत्यपाल गुसाईं, प्रधान खड़ीखाल लक्ष्मी पुण्डीर, उपप्रधान पिंकी पुण्डीर, उपेंद्र सिंह पुण्डीर, सतेन्द्र सिंह पुण्डीर, व्यापार मंडल चंबा के अध्यक्ष बलबीर पुण्डीर, शीशपाल सिंह पुण्डीर, बीना तड़ियाल, महिला मंगल दल अध्यक्ष पूजा देवी, चन्द्रमणी भट्ट, अलेल सिंह, अकवीर सिंह, औतार सिंह, गोविंद पुण्डीर, रणबीर सिंह पुण्डीर, गणपत सिंह, रजनी पुण्डीर, भगवान सिंह, सुरेंद्र सिंह, विक्रम सिंह और रैमत सिंह सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।