रुद्रपुर। आगामी रक्षाबंधन त्योहार को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। खाद्य सुरक्षा उपायुक्त कुमाऊं मंडल डॉ. राजेंद्र सिंह कठायत के नेतृत्व में विभागीय टीम ने रुद्रपुर के आवास विकास और नैनीताल रोड क्षेत्र में डेयरियों, रेस्टोरेंट और मिष्ठान प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया।
अभियान के दौरान नैनीताल रोड स्थित रेस्टोरेंटों से पनीर के तीन नमूने लिए गए। वहीं आवास विकास क्षेत्र की दुग्ध डेयरियों से गाय के दूध और पनीर का एक-एक नमूना लिया गया। इसके अलावा शिव शक्ति मंदिर क्षेत्र स्थित एक मिष्ठान निर्माता से रसगुल्ला (छेना) का नमूना लिया गया। विभाग द्वारा कुल छह नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजे जाएंगे।
मिष्ठान प्रतिष्ठान में मिली गंदगी, लाइसेंस भी नहीं मिला
निरीक्षण के दौरान आवास विकास मुख्य बाजार स्थित एक मिष्ठान प्रतिष्ठान में गंदगी पाए जाने के साथ ही खाद्य पदार्थ खुले में रखे मिले। जांच के दौरान प्रतिष्ठान के पास एफएसएसएआई लाइसेंस/पंजीकरण नहीं पाया गया। इस पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने प्रतिष्ठान के खिलाफ चालानी कार्रवाई की।
विभागीय अधिकारियों ने खाद्य कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने और संदिग्ध खाद्य पदार्थों की बिक्री नहीं करने के निर्देश दिए। साथ ही खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने को कहा गया।
बाहरी राज्यों से खाद्य सामग्री खरीदने पर भी निर्देश
अधिकारियों ने खाद्य कारोबारियों को निर्देश दिया कि बाहरी राज्यों से खाद्य सामग्री केवल पंजीकृत अथवा लाइसेंसधारी कारोबारियों से ही खरीदी जाए। इसके साथ ही खाद्य सामग्री की खरीद और बिक्री का दैनिक रिकॉर्ड रखने को कहा गया, ताकि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और आपूर्ति की निगरानी की जा सके।
उपभोक्ताओं से भी सावधानी बरतने की अपील
खाद्य सुरक्षा विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की कि खाद्य पदार्थ खरीदते समय उसकी निर्माण तिथि, उपभोग की अंतिम तिथि और FSSAI लाइसेंस की जांच जरूर करें। अधिकारियों ने मिलावटी या अस्वास्थ्यकर खाद्य सामग्री मिलने पर इसकी शिकायत करने की अपील की है।
मिलावटी या अस्वास्थ्यकर खाद्य सामग्री की शिकायत टोल फ्री नंबर 18001804246 पर की जा सकती है।