पीलीभीत। श्रीकृष्ण इंटर कॉलेज, बदायूं में आयोजित मण्डलीय माध्यमिक विद्यालयी कराटे प्रतियोगिता में पीलीभीत के खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम कर लिया। प्रतियोगिता के विभिन्न भार वर्गों में पीलीभीत के प्रतिभागियों ने शानदार तकनीक और कौशल का परिचय देते हुए गोल्ड मेडल हासिल किए।
​बालक वर्ग में U-14 श्रेणी से अर्पित रायजादा व कृष्णा गुप्ता, U-17 श्रेणी से मयंक शंखधर, गोविंद गुप्ता, महीप सिंह, समीर, अर्चित व वंश गिरी तथा U-19 श्रेणी से मिलन राठौर व आर्यन गंगवार ने अपने-अपने वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं बालिका वर्ग में भी पीलीभीत का दबदबा रहा; U-14 श्रेणी में ईशानी, मधुरिमा, आराध्या, दृष्टि, छवि व आशिका और U-17 श्रेणी में आराध्या मिश्रा, अपूर्वा, रश्मि, अनामिका यादव, अनामिका गंगवार, अनुष्का व अंजली शर्मा ने स्वर्ण पदक झटके।
​इस अवसर पर मण्डलीय आयोजक रमेश सिंह, टीम कोच अरुण चंद्रा व सीमा कुमारी तथा टीम मैनेजर अतुल शर्मा व पूजा पांडे ने सभी विजेता खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। जिला क्रीड़ा सचिव राजेश शुक्ला ने जानकारी दी कि ये सभी विजेता प्रतिभागी आगामी 16 अगस्त को लखनऊ में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता में बरेली मण्डल का प्रतिनिधित्व करेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक विजय सिंह यादव ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए घोषणा की कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi