पीलीभीत। क्षेत्रीय मुख्यालय, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) पीलीभीत द्वारा बुधवार, 5 अगस्त 2026 को 49वीं वाहिनी के एओआर क्षेत्र नागोरिया कट में ‘स्वस्थ भारत की ओर एक सशक्त कदम’ अभियान के अंतर्गत 5 किलोमीटर लघु मैराथन का सफल आयोजन किया गया। इस गौरवमयी कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रक मुख्यालय एसएसबी पीलीभीत के उप महानिरीक्षक (डीआईजी) अनिल कुमार ने की। इस अवसर पर 49वीं वाहिनी के कमांडेंट शेर सिंह चौधरी सहित बल के कई वरिष्ठ अधिकारी, जवान, स्थानीय ग्राम प्रधान, नागरिक और स्कूली बच्चे बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य, शारीरिक फिटनेस, अनुशासन और खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस लघु मैराथन में कुल 121 प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ दौड़ लगाई। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच 49वीं वाहिनी की ‘ई’ समवाय के आरक्षी (सामान्य) जादव आशीष अशोक ने प्रथम स्थान हासिल कर वाहिनी का नाम रोशन किया। वहीं, स्थानीय ग्राम रामनगरा निवासी शिव राजभर ने द्वितीय तथा 49वीं वाहिनी के ही आरक्षी (सामान्य) अशोक के.एस. ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

मैराथन के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि उप महानिरीक्षक अनिल कुमार ने विजेताओं सहित उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कुल 47 धावकों को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। उपस्थित अधिकारियों ने इस प्रकार के आयोजनों को सीमावर्ती युवाओं में शारीरिक फिटनेस, अनुशासन और खेल के प्रति रुचि जगाने के लिए एक प्रेरणादायक और सराहनीय पहल बताया।