रुद्रपुर। कोतवाली रुद्रपुर क्षेत्र के अंतर्गत आदर्श कॉलोनी के रहने वाले 55 वर्षीय इन्द्रजीत सिंह भल्ला पुत्र बलवन्त सिंह का शव सोमवार सुबह काशीपुर फ्लाईओवर के पास सड़क किनारे मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर तत्काल पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर किसी भी प्रकार के चोट के निशान नहीं पाए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, इन्द्रजीत सिंह भल्ला सोमवार सुबह करीब पांच बजे रोजाना की तरह घर से मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे, लेकिन जब वह काफी देर तक वापस नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई। इसी दौरान राहगीरों ने काशीपुर फ्लाईओवर के पास सड़क किनारे एक शव पड़ा देख पुलिस को सूचित किया। शिनाख्त होने पर पुलिस ने मृतक के परिजनों को इस दुखद घटना की जानकारी दी।

मौके पर पहुंचे मृतक के पुत्र पारस भल्ला ने बताया कि उनके पिता का स्वास्थ्य पिछले काफी समय से खराब चल रहा था। उन्हें मिर्गी के दौरे आते थे और पूर्व में उनका हार्निया का ऑपरेशन भी हुआ था। उन्होंने बताया कि बीते शुक्रवार की शाम उनके घर में शॉर्ट सर्किट की वजह से भीषण आग लग गई थी, जिसमें घर का सारा सामान जलकर राख हो गया था। इस बड़े नुकसान के कारण उनके पिता को गहरा सदमा लगा था और उनकी तबीयत और ज्यादा बिगड़ गई थी, जिसके चलते उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रविवार को ही उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिली थी और सोमवार सुबह यह दर्दनाक हादसा हो गया। घटना के समय मृतक की पत्नी प्रवीन कौर पंजाब गई हुई थीं, जो पति की मौत की खबर मिलते ही रुद्रपुर के लिए रवाना हो चुकी हैं।

मामले की जानकारी देते हुए कोतवाल प्रकाश सिंह दानू ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत का कारण हार्ट अटैक या मिर्गी का दौरा पड़ना प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत के वास्तविक और सटीक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi