पीलीभीत। श्रावण मास के प्रथम सोमवार के पावन अवसर पर समूचा जनपद ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। पूरे जिले के शिवालयों में तड़के से ही शिवभक्तों और कांवड़ियों द्वारा जलाभिषेक करने का सिलसिला शुरू हो गया। पीलीभीत शहर के ऐतिहासिक गौरी शंकर मंदिर, दुर्गेश्वर नाथ मंदिर तथा अर्द्धनारीश्वर मंदिर में हजारों श्रद्धालुओं ने पवित्र गंगाजल से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की। कांवड़ यात्रियों के आगमन पर नगर में मंडी समिति सहित कई स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा उनका जोरदार अभिनंदन किया गया।
इसी क्रम में नगर पंचायत बरखेड़ा में भी भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। कछला गंगाघाट से पवित्र गंगाजल लेकर लौटे शिवभक्त कांवड़ियों, ‘वंदे भारत डाक कांवड़’ एवं ब्लॉक युवा टीम के जत्थों का नगर पंचायत अध्यक्ष श्याम बिहारी भोजवाल द्वारा पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। ढोल-नगाड़ों की गूंज और जयकारों के बीच पूरा नगर शिवमय वातावरण में रंगा नज़र आया। नगरवासियों ने भी सड़कों पर उतरकर शिवभक्तों पर फूल बरसाए और सनातन संस्कृति के प्रति अपनी गहरी आस्था व्यक्त की।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष श्याम बिहारी भोजवाल ने कहा कि सावन का महीना भगवान शिव की आराधना का प्रतीक है और कांवड़ यात्रा हमारी सनातन संस्कृति का गौरवशाली स्वरूप है। उन्होंने शिवभक्तों की सेवा को अपना सौभाग्य बताते हुए सभी कांवड़ियों की मंगलमय यात्रा तथा क्षेत्र में शांति व खुशहाली की प्रार्थना की। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे, जिन्होंने कांवड़ियों का गर्मजोशी से स्वागत कर आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।