मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले से कांवड़ यात्रा के बीच एक बेहद सुखद और अद्भुत मामला सामने आया है। यहाँ नीलकंठ से जल लेकर दिल्ली लौट रही एक महिला कांवड़िए (भोली) ने महिला चिकित्सालय में जुड़वा लड़कों को जन्म दिया है।
प्राप्त विवरण के अनुसार, दिल्ली की रहने वाली नेहा अपने साथियों के साथ नीलकंठ से जल उठाकर वापस दिल्ली जा रही थी। यात्रा के दौरान वह अपने साथियों से बिछड़ गई और अकेले ही अपने गंतव्य की ओर बढ़ रही थी। इसी बीच मुजफ्फरनगर पहुंचने पर उसे प्रसव पीड़ा (लेबर पेन) शुरू हो गया, जिसके बाद उसे तत्काल स्थानीय महिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। अस्पताल में नेहा ने दो सुंदर जुड़वा लड़कों को जन्म दिया।
इस अनोखी और पावन घटना की जानकारी मिलते ही जिले के एसएसपी संजय वर्मा और एसपी सिटी अमृत जैन तुरंत महिला चिकित्सालय पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने प्रसूता नेहा से मुलाकात कर उसका हालचाल जाना। इसके बाद, मां नेहा की सहर्ष अनुमति लेकर एसएसपी संजय वर्मा ने दोनों नवजात शिशुओं का नाम भगवान शिव के पुत्रों के नाम पर ‘गणेश’ और ‘कार्तिकेय’ रखा। एसएसपी ने प्रसूता को फ्रूट बास्केट और दोनों जुड़वा बच्चों को सुंदर उपहार भेंट किए। अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, मां और दोनों बच्चे पूरी तरह स्वस्थ हैं और चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार जारी है।