किसानों को दी गई महत्वपूर्ण जानकारियां,समिति की सदस्यता एवं उपज बढ़ोत्तरी रसीद कटवाने पर जोर

पीलीभीत। जिला गन्ना अधिकारी खुशी राम भार्गव बुधवार को ग्राम स्तरीय गन्ना सर्वे-सट्टा प्रदर्शन की जमीनी हकीकत परखने किसान सहकारी चीनी मिल पूरनपुर के गांव सिमरिया ता. महाराजपुर एवं टांडा छत्रपति पहुंचे। इस दौरान उन्होंने किसानों से संवाद कर सर्वे-सट्टा संबंधी अभिलेखों का अवलोकन किया तथा किसानों को अपने गन्ना क्षेत्र और अन्य विवरणों की सावधानीपूर्वक जांच कर आवश्यक संशोधन समय रहते कराने के लिए प्रेरित किया।
निरीक्षण के दौरान जिला गन्ना अधिकारी ने कहा कि किसान सहकारी चीनी मिल में गन्ना आपूर्ति के लिए प्रत्येक किसान को गन्ना समिति की सदस्यता अवश्य लेनी चाहिए। उन्होंने बताया कि गन्ना समिति की ऑनलाइन सदस्यता मात्र ₹20 के शुल्क पर उपलब्ध है। उन्होंने अधिक से अधिक किसानों से समिति की सदस्यता लेकर गन्ना आपूर्ति व्यवस्था से जुड़ने का आह्वान किया।
उन्होंने किसानों को यह भी सलाह दी कि जिन खेतों में गन्ने की उपज अधिक होने की संभावना है, वे अपने संबंधित सर्किल के गन्ना पर्यवेक्षक से संपर्क कर उपज बढ़ोत्तरी की रसीद अवश्य कटवा लें। इससे वास्तविक उत्पादन के अनुरूप सर्वे-सट्टा अभिलेखों का समय पर संशोधन हो सकेगा और भविष्य में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी।
जिला गन्ना अधिकारी ने कहा कि सर्वे-सट्टा प्रदर्शन किसानों के लिए अपने अभिलेखों की जांच एवं त्रुटियों के सुधार का महत्वपूर्ण अवसर है। यदि किसी किसान को अपने सर्वे या सट्टा विवरण में कोई कमी या त्रुटि दिखाई देती है तो वह तत्काल संबंधित गन्ना पर्यवेक्षक को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक सुधार सुनिश्चित किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान मुख्य गन्ना अधिकारी पूरनपुर अमित चतुर्वेदी, गन्ना पर्यवेक्षक देवेंद्र सिंह, किसान जसवंत सिंह, दर्शन सिंह, सुरजीत कुमार, सियाराम, ग्राम प्रधान लाला राम सहित अन्य किसान एवं विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi