पीलीभीत। ललौरीखेड़ा विकास क्षेत्र के ग्राम मीरपुर में असामाजिक तत्वों द्वारा मंदिर में स्थापित मां काली की मूर्ति को खंडित किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में आक्रोश और तनाव का माहौल बन गया, हालांकि पुलिस और स्थानीय लोगों की सूझबूझ से स्थिति नियंत्रण में है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना का खुलासा मंगलवार सुबह उस वक्त हुआ जब गांव के निवासी बंधु राम नित्य की भांति मंदिर में पूजा-अर्चना करने पहुंचे। वहां मां काली की मूर्ति क्षतिग्रस्त अवस्था में देखकर उन्होंने तुरंत अन्य ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। खबर फैलते ही बड़ी संख्या में गांव के महिला एवं पुरुष मंदिर परिसर में एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने तत्काल डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को घटना से अवगत कराया।
सूचना पर पहुंचे पुलिस चौकी प्रभारी विवेक कुमार चौधरी ने घटनास्थल का मुआयना किया और स्थिति का जायजा लिया। हालांकि मंदिर में मुख्य गेट लगा हुआ था, लेकिन कोई स्थायी पुजारी न होने के कारण रात के समय यह वारदात अंजाम दी गई। पुलिस अधिकारी ने घटना को अत्यंत निंदनीय बताते हुए ग्रामीणों को शांत कराया और सभी से आपसी तालमेल से मूर्ति को पुन: स्थापित कराने की अपील की। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस कार्य में पुलिस प्रशासन भी पूर्ण सहयोग करेगा, साथ ही इस असमाजिक कार्य को अंजाम देने वाले शरारती तत्वों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। गांव में पूर्ण शांति बनी हुई है।