​पीलीभीत। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बरखेड़ा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक व्यापारी के मुनीम से हथियारों के बल पर डकैती डालने की साजिश रच रहे चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की इस मुस्तैदी से एक बड़ी आपराधिक वारदात होने से पहले ही टल गई।
​मामले की जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया ने बताया कि 27 जुलाई की रात थाना बरखेड़ा पुलिस को सूचना मिली थी कि रम्पुरा नत्थू पुलिया के पास कुछ संदिग्ध व्यक्ति एकत्र होकर बड़ी डकैती की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और चार अभियुक्तों को रंगे हाथों धर दबोचा, जबकि उनका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

एएसपी के अनुसार गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान अंकित सक्सैना (निवासी पूरनपुर), जतिन, विकास कुमार उर्फ गंठा और करन सिंह (तीनों निवासी बरखेड़ा) के रूप में हुई है। वहीं इनका पांचवां साथी सौरभ राजपूत (निवासी ग्राम भैंसहा ग्वालपुर, बरखेड़ा) मौके से भागने में सफल रहा, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

पूछताछ में हुए खुलासे के बारे में बताते हुए अपर एसपी विक्रम दहिया ने कहा कि मुख्य अभियुक्त अंकित सक्सेना पहले पूरनपुर के एक थोक किराना व्यापारी के यहाँ काम करता था। उसे भली-भांति जानकारी थी कि व्यापारी का मुनीम रोजाना आसपास के दुकानदारों से भारी नकदी एकत्र करके लौटता है। इसी रेकी के आधार पर बदमाशों ने रास्ते में मुनीम को घेरकर हथियारों के बल पर डकैती डालने का पूरा प्लान तैयार किया था। घटना को अंजाम देने के लिए उन्होंने फर्जी नंबर प्लेट की बाइक और अवैध असलहों का इंतजाम किया था।

पकड़े गए अभियुक्तों के कब्जे से 02 अवैध तमंचे (12 बोर व 315 बोर), 06 जिंदा कारतूस, 02 रामपुरी चाकू, 03 मोबाइल फोन और फर्जी नंबर प्लेट लगी एक टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
​अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस संबंध में थाना बरखेड़ा पर मु0अ0सं0 282/2026 धारा 310(4), 310(5) बीएनएस (BNS) और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पकड़े गए सभी आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर अभियुक्तों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi