रूद्रपुर। 2027 विधानसभा चुनाव का होगा शंखनाद,तैयारियों में जुटे कार्यकर्ता। उत्तराखंड कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं इसी क्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की 8 अगस्त को हल्द्वानी में प्रस्तावित विशाल जनसभा को लेकर संगठन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने दावा किया कि यह जनसभा उत्तराखंड के राजनीतिक इतिहास की सबसे बड़ी सभाओं में शामिल होगी, जिसमें प्रदेशभर से लाखों कार्यकर्ता और समर्थक भाग लेंगे।सोमवार को रुद्रपुर में मीडिया से बातचीत करते हुए गणेश गोदियाल ने कहा कि जनसभा को ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रदेश के सभी जिलों में बैठकों का दौर जारी है। पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, जिला एवं महानगर अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष तथा विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रतिनिधियों के साथ लगातार संवाद कर तैयारियों की समीक्षा की जा रही है।उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है और सभी संगठनात्मक जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन कर रहे हैं। गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की यह जनसभा केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं बल्कि वर्ष 2027 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के अभियान का औपचारिक शंखनाद होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के बीच जाकर प्रदेश सरकार की नीतियों और विफलताओं को उजागर करेगी तथा जनता के मुद्दों काप्रमुखता से उठाएगी। चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि प्रदेश की जनता आज महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून-व्यवस्था जैसी अनेक समस्याओं से जूझ रही है, विभिन्न वर्गों के लोग अपनी मांगों को लेकर लगातार सड़कों पर आंदोलन कर रहे हैं लेकिन राज्य सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर नहीं है। कहा कि उत्तराखंड सहित देश के कई हिस्सों में लगातार पेपर लीक की घटनाओं ने युवाओं के भविष्य को संकट में डाल दिया है। उत्तराखंड में भी कई मामलों में भाजपा नेताओं के नाम सामने आए लेकिन सरकार ने किसी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की इससे युवाओं में सरकार के प्रति निराशा और आक्रोश बढ़ा है।नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने संसद और सड़क दोनों जगह छात्रों के मुद्दों को मजबूती से उठाया लेकिन केंद्र सरकार ने छात्रों की आवाज सुनने के बजाये उनके शांतिपूर्ण विरोध पर लाठीचार्ज कर लोकतांत्रिक मूल्यों को आघात पहुंचाया।उन्होंने कहा कांग्रेस युवाओं,किसानों,महिलाओं और आम जनता के अधिकारों की लड़ाई आगे भी मजबूती से लड़ती रहेगी। कांग्रेस नेताओं ने विश्वास जताया कि हल्द्वानी की जनसभा प्रदेश की राजनीति में नया संदेश देगी और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करेगी उन्होने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में जनसभा में पहुंचकर इसे सफल बनाने का आहवान भी किया। प्रेस वार्ता में कांग्रेस के सह प्रभारी मनोज यादव,नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या,उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, चुनाव प्रबंध समिति अध्यक्ष हरक सिंह रावत, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा, किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, नारायण पाल, गोविंद सिंह कुंजवाल, जिलाध्यक्ष हिमांशु गाबा, महानगर अध्यक्ष ममता रानी सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi