​अमरिया PILIBHIT। वैवाहिक विवाद के निपटारे के बाद पंचायत में हुए समझौते की रकम व जेवरात न लौटाने तथा फर्जी दस्तावेज़ों के जरिए धौंस जमाने के मामले में अमरिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) के आदेश पर मुकदमा दर्ज करने के बाद अमरिया पुलिस टीम ने वांछित अभियुक्त गुरजन्ट सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
​प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमरिया थाना क्षेत्र के गांव पंडरा रामदास निवासी परमजीत सिंह ने अपनी पुत्री का विवाह थाना न्यूरिया के गांव गुलड़िया विथरा निवासी गुरजन्ट सिंह (पुत्र दिलबाग सिंह) के साथ किया था। विवाह के बाद उत्पन्न हुए विवाद को सुलझाने के लिए 18 सितंबर 2023 को गुरुद्वारा साहिब में पंचायत बुलाई गई थी। पंचायत में तय हुआ था कि गुरजन्ट सिंह पीड़ित पक्ष को नौ लाख रुपये और सोने-चांदी के जेवरात वापस लौटाएगा। 13 जून 2024 को आरोपी के पिता ने पंचायत सदस्य के खाते में नौ लाख रुपये ट्रांसफर तो किए, लेकिन पीड़ित परिवार को केवल साढ़े चार लाख रुपये ही दिए गए। 5 फरवरी 2026 को न्यायालय से कानूनी रूप से तलाक होने के बाद भी जब बाकी के साढ़े चार लाख रुपये और जेवरात मांगे गए, तो आरोपियों ने साफ इनकार कर दिया।
​पीड़ित परमजीत सिंह ने 21 जुलाई 2026 को शिकायत दर्ज कराते हुए यह भी आरोप लगाया कि गुरजन्ट सिंह ने दूसरी शादी कर ली है और अपनी दूसरी पत्नी को आईपीएस अधिकारी बताकर धौंस जमाने का प्रयास कर रहा है। आरोपी ने अपनी दूसरी पत्नी के आईपीएस में चयनित होने से संबंधित कूटरचित (फर्जी) दस्तावेज व फोटो तैयार कर सोशल मीडिया पर प्रसारित किए थे।
​एसपी के निर्देश पर अमरिया पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए 22 जुलाई 2026 को मु0अ0सं0 185/26 धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की। अमरिया पुलिस टीम (उप-निरीक्षक राजेश कुमार व कांस्टेबल आकाश मान) ने 31 वर्षीय अभियुक्त गुरजन्ट सिंह को पूछताछ के बाद अमरिया थाना परिसर से गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्यवाही पूरी करते हुए उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi