रुद्रपुर। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और कोतवाली रुद्रपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक स्कूटी सवार तस्कर को 22.500 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 6 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
शुक्रवार देर शाम एएनटीएफ प्रभारी निरीक्षक मनोज रतूड़ी और कोतवाली प्रभारी प्रकाश सिंह दानू के नेतृत्व में पुलिस टीम काशीपुर रोड पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान स्कूटी सवार युवक पुलिस को देखकर भागने लगा, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे दबोच लिया। तलाशी लेने पर स्कूटी पर रखे कट्टे से 22.500 किलो गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान सुशील कुमार साहनी पुत्र रामवरन साहनी, निवासी सरस्वती विहार, भूरारानी (मूल निवासी समस्तीपुर, बिहार) के रूप में बताई। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसका जीजा राकेश साहनी उर्फ पेटर उसे रामपुर से गांजा लाने के लिए भेजता था। पुलिस के अनुसार राकेश साहनी पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त रहा है और बरामद गांजा भी उसी के लिए लाया जा रहा था।
पुलिस अब फरार आरोपी राकेश साहनी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। साथ ही जीजा-साले के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। इस कार्रवाई में एएनटीएफ प्रभारी निरीक्षक मनोज रतूड़ी, कोतवाली प्रभारी प्रकाश सिंह दानू, उपनिरीक्षक धीरज टम्टा, उपनिरीक्षक सुरेन्द्र प्रताप बिष्ट, हेड कांस्टेबल भुवन पाण्डेय, विनोद खत्री, कांस्टेबल खुशाल सिंह और चालक हरीश सिंह बिष्ट शामिल रहे।