पंतनगर/रुद्रपुर। पंतनगर थाना क्षेत्र में लाखों रुपये की चोरी की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण, तकनीकी साक्ष्यों और सटीक सुरागरसी के आधार पर आरोपी को दबोचा। उसके कब्जे से करीब 160 ग्राम सोने के आभूषण, 1 किलो चांदी के जेवर, भगवान गणेश और माता लक्ष्मी की प्रतिमाएं तथा चोरी में प्रयुक्त स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की गई है। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार 16 जून 2026 को शांतिपुरी नंबर-1 निवासी प्रकाश चंद ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 15/16 जून की रात अज्ञात चोर उनके नवनिर्मित मकान की खिड़की की ग्रिल और जाली हटाकर अंदर घुस गए। चोर अलमारी में रखे उनकी पत्नी, माता और बहू के सोने-चांदी के आभूषणों के साथ लगभग 7 से 8 लाख रुपये नकद चोरी कर फरार हो गए थे। इस संबंध में थाना पंतनगर में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर चार विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने 15 जुलाई को अजय उर्फ अज्जू निवासी गड़रियाबाग, किच्छा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चोरी में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल ट्रांजिट कैंप क्षेत्र से चोरी की गई थी और उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर वारदातों को अंजाम दिया जाता था। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि चोरी की गई करीब 7 लाख रुपये की नकदी उसने अपने बैंक खातों में जमा कर दी थी, जिसके बाद पुलिस संबंधित बैंक खातों को फ्रीज कराने की कार्रवाई कर रही है।

पुलिस ने बताया कि मामले में एक अन्य आरोपी की संलिप्तता भी सामने आई है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष नंदन सिंह रावत के नेतृत्व में थाना पंतनगर और एसओजी रुद्रपुर की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi