रुद्रपुर। रुद्रपुर-हल्द्वानी मार्ग पर संजय वन चौकी क्षेत्र के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में प्रॉपर्टी डीलिंग का कार्य करने वाले 55 वर्षीय विनोद कुमार मिगलानी की मौत हो गई, जबकि उनके साथ कार में सवार चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। दूसरी कार में सवार लोगों को मामूली चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, दिनेशपुर की पंजाबी कॉलोनी वार्ड-8 निवासी विनोद कुमार मिगलानी अपने चार साथियों के साथ कार्य के सिलसिले में अल्मोड़ा गए थे। सभी लोग कार संख्या UP14 FW 0516 से वापस लौट रहे थे। संजय वन के पास अचानक सड़क पर एक जानवर आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सामने से आ रही कार संख्या UK04 AF 8000 से भिड़ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
सूचना मिलते ही संजय वन चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया। चिकित्सकों ने विनोद कुमार मिगलानी को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य चार घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति में रेफर कर दिया गया। परिजनों ने उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।