पीलीभीत। अमरिया क्षेत्र में गुरुवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब नहर से निकलकर एक विशालकाय मगरमच्छ आबादी वाले इलाके में पहुंच गया। मगरमच्छ के दुकानों और रिहायशी क्षेत्र के पास दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़कर उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया।
घटना ड्यूनी डैम मार्ग स्थित कैंचू टांडा गांव के पास रात करीब 11 बजे की है। बताया गया कि मगरमच्छ नहर से निकलकर रेंगते हुए नहर किनारे बनी दुकानों तक पहुंच गया। आबादी के बीच मगरमच्छ दिखाई देने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और वन विभाग को सूचना दी।
अमरिया थाना प्रभारी अमित सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लाउडस्पीकर और टॉर्च की मदद से लोगों को मगरमच्छ से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की और भीड़ को नियंत्रित किया, ताकि कोई हादसा न हो।
कुछ ही देर बाद वन विभाग की रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंची। वन दरोगा शैलेंद्र यादव और कौशेंद्र यादव के नेतृत्व में वनकर्मी रामौतार, बेनीराम और राम कैलाश ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया। अंधेरा और मगरमच्छ का आक्रामक व्यवहार अभियान को चुनौतीपूर्ण बना रहा, लेकिन टीम ने सूझबूझ और सावधानी से करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रस्सी और जाल की मदद से मगरमच्छ को सुरक्षित काबू कर लिया।
रेस्क्यू के बाद मगरमच्छ को मजबूत पिंजरे में रखकर उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया। मगरमच्छ के सुरक्षित हटाए जाने के बाद ग्रामीणों और दुकानदारों ने राहत की सांस ली।
वन विभाग ने नदी और नहर किनारे रहने वाले लोगों से अपील की है कि वे विशेष रूप से रात्रि के समय सतर्क रहें। यदि कोई वन्यजीव दिखाई दे तो उसे स्वयं पकड़ने या छेड़ने का प्रयास न करें, बल्कि तत्काल वन विभाग या पुलिस को सूचना दें।