रूद्रपुर। आज बुधवार की रात्रि हल्द्वानी मार्ग पर संजय वन के आगे अज्ञात वाहन ने राहगीर को टक्कर मारकर कुचल दिया। जिससे राहगीर की मौके पर ही मौत हो गईं। घटना की जानकारी मिलने पर संजय वन चैकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया और शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाऊस भिजवाया। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। संजय वन चैकी प्रभारी नरेन्द्र सिंह अधिकारी ने बताया कि आज प्रातः पुलिस को जानकारी मिली कि संजय वन के लगभग एक किमी. आगे हल्द्वानी मार्ग पर सड़क पर अज्ञात व्यक्ति का शव कुचला हुआ पड़ा है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि किसी भारी वाहन की चपेट में आकर व्यक्ति के सिर पर गहरी चोट थी और पेट फट गया था। मृतक के आसपास कोई वस्तु बरामद नहीं की गई। श्री अधिकारी ने बताया कि मृतक की तलाशी लेने पर उसके पास से ऐसा कोई दस्तावेज बरामद नहीं हुआ जिससे उसकी शिनाख्त की जा सके। जिसके बाद पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाऊस भिजवाया और उसकी शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिये। उन्होंने आशंका व्यक्त की है कि लगभग 50 वर्षीय मृतक व्यक्ति मानसिक रूप से कमजोर था या फिर आस पास के क्षेत्र का ही निवासी रहा होगा।