पीलीभीत। पीलीभीत-पूरनपुर मार्ग पर स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज ने चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक और ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण उपलब्धि अपने नाम कर ली है। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कॉलेज को 100 अतिरिक्त एमबीबीएस (MBBS) सीटों पर प्रवेश और संचालन की हरी झंडी दे दी है। इस बड़ी मंजूरी के बाद अब कॉलेज में एमबीबीएस सीटों की कुल संख्या 200 से बढ़कर 300 हो जाएगी।
अक्टूबर के पहले हफ्ते से शुरू होगी पढ़ाई
NMC से आधिकारिक अनुमति पत्र मिलने के बाद मेडिकल कॉलेज प्रबंधन नए बैच के स्वागत की तैयारियों में जुट गया है। संभावना जताई जा रही है कि काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी होते ही, अक्टूबर माह के पहले सप्ताह से इस नए सत्र की पढ़ाई विधिवत रूप से शुरू कर दी जाएगी। इन सीटों पर देश और प्रदेश के कोने-कोने से आने वाले मेधावी छात्र प्रवेश लेंगे।

लोकल स्वास्थ्य सेवाओं में होगा बड़ा सुधार
सीटों में इस बढ़ोतरी से न केवल जिले की चिकित्सा शिक्षा मजबूत होगी, बल्कि स्थानीय स्वास्थ्य सेवाओं में भी एक क्रांतिकारी बदलाव देखने को मिलेगा। पढ़ाई के दौरान ये भावी डॉक्टर्स जिला अस्पताल में वरिष्ठ डॉक्टरों की देखरेख में मरीजों को परामर्श देना और उनका इलाज करना सीखेंगे। इससे अस्पताल में आने वाले और भर्ती मरीजों को समय पर और भी बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।
तैयारियां तेज: प्राचार्य डॉ. संगीता अनेजा
मेडिकल कॉलेज पीलीभीत की प्राचार्य डॉ. संगीता अनेजा ने खुशी जताते हुए बताया, “राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) की ओर से हमें 100 नई सीटों पर शैक्षणिक सत्र प्रारंभ करने की अनुमति मिल चुकी है। अक्टूबर से इस सत्र का सुचारु संचालन शुरू करने के लिए कॉलेज प्रशासन ने बुनियादी ढांचे और अन्य सभी जरूरी तैयारियों को तेज कर दिया है।”