पीलीभीत। जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में आज तहसील बीसलपुर में ‘सम्पूर्ण समाधान दिवस’ का सफल आयोजन किया गया। इस जनसुनवाई कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आए ग्रामीणों और फरियादियों द्वारा कुल 60 शिकायती प्रार्थना-पत्र दर्ज कराए गए, जिनमें से सजगता दिखाते हुए 04 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष बची शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपते हुए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश दिए गए।
समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि जनसुनवाई और आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त होने वाली सभी शिकायतों का निस्तारण पूरी पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निस्तारण के बाद उसकी आख्या अनिवार्य रूप से पोर्टल पर अपलोड की जाए। राजस्व से जुड़े संवेदनशील मामलों का जिक्र करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जहाँ भी भूमि विवाद या पैमाइश जैसे मामलों में पुलिस प्रशासन की आवश्यकता हो, वहाँ राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर जाकर विवाद का स्थायी समाधान कराए।
इस अवसर पर तहसील परिसर में मुख्य चिकित्साधिकारी, उप जिलाधिकारी बीसलपुर, जिला विकास अधिकारी, अधिशासी अभियंता (विद्युत), जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, जिला कल्याण अधिकारी, तहसीलदार बीसलपुर, खंड विकास अधिकारी और क्षेत्राधिकारी बीसलपुर सहित अन्य सभी जिला स्तरीय अधिकारी व पुलिस बल मौजूद रहा।