इस्लामाबाद। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान की सीमा पर स्थित दाना सर क्षेत्र में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में कम से कम 40 लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, यात्रियों से भरी बस क्वेटा से पेशावर जा रही थी। रास्ते में खराब हुई दूसरी बस के यात्रियों को भी इसी बस में बैठा लिया गया, जिससे वाहन क्षमता से अधिक भर गया। दाना सर के खतरनाक पहाड़ी मोड़ पर तेज रफ्तार के कारण चालक बस से नियंत्रण खो बैठा और बस लगभग 70 से 80 फीट गहरी खाई में जा गिरी।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और रेस्क्यू 1122 की टीमों ने संयुक्त राहत अभियान शुरू किया। दुर्गम और पथरीले इलाके के कारण बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। गैस कटर की मदद से बस के मलबे को काटकर शवों और घायलों को बाहर निकाला गया।

मेडिकल इमरजेंसी रिस्पॉन्स सेंटर (MERC) के अनुसार अब तक 40 शव बरामद किए जा चुके हैं। सभी घायलों को झोब के सिविल अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है। अधिकारियों ने मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई है।

पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए घायलों के समुचित इलाज और मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi