​पीलीभीत। जनपद के गजरौला थाना क्षेत्र में दहेज की खातिर एक विवाहिता को प्रताड़ित करने और नवजात शिशु सहित घर से बेदखल करने का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस अधीक्षक के कड़े आदेश के बाद गजरौला पुलिस ने पति और ससुर समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्राम सिरसा सरदाह निवासी पीड़िता सपना देवी ने अपनी शिकायत में बताया कि उसका विवाह 16 मार्च 2024 को ग्राम महुआ निवासी विजय सिंह यादव के साथ हुआ था। शादी में उसके परिवार ने सामर्थ्य के अनुसार 10 लाख रुपये खर्च कर नकदी, सोने की चेन और मोटरसाइकिल दी थी, लेकिन ससुराल पक्ष के लोग दो बीघा जमीन और एक चार पहिया गाड़ी की अतिरिक्त मांग को लेकर लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे।
​पीड़िता का आरोप है कि जब वह सात माह की गर्भवती थी, तब ससुर हरी सिंह यादव ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की, जिसके कारण उसकी स्थिति बिगड़ गई और समय से पूर्व एक निजी अस्पताल में पुत्र का जन्म हुआ। इस इलाज का खर्च भी पीड़िता के पिता को ही वहन करना पड़ा। आरोप है कि ससुराल वाले उसे समय पर खाना नहीं देते थे और बीमार होने पर इलाज तक नहीं कराते थे। प्रताड़ना की इंतहा तब हुई जब 13 जनवरी को पति विजय कुमार और अन्य परिजनों ने एक राय होकर उसे और उसके मासूम बच्चे को घर से बाहर निकाल दिया। गजरौला इंस्पेक्टर ब्रजवीर सिंह के अनुसार, पीड़िता की तहरीर पर पति विजय सिंह यादव, ससुर हरी सिंह, सास माया देवी, जेठ अजय सिंह और जेठानी प्रियंका यादव के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *