सितारगंज (ऊधमसिंह नगर)। सितारगंज-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर गांव बघौरा के समीप शुक्रवार सुबह एक अज्ञात शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतक की शिनाख्त सितारगंज के रम्पुरा निवासी मो. आसिम के रूप में हुई है। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे सड़क हादसा मानकर मामले की जांच कर रही है।

अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
शुक्रवार सुबह कोतवाली पुलिस को बघौरा गेट के पास एक व्यक्ति के लहूलुहान अवस्था में सड़क किनारे पड़े होने की सूचना मिली। सरकड़ा चौकी इंचार्ज पंकज कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों में मचा कोहराम
मृतक की पहचान मो. आसिम उर्फ गुड्डू (40), पुत्र शरीफ अहमद निवासी वार्ड नंबर 8, रम्पुरा के रूप में हुई। शिनाख्त के बाद परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की पत्नी चमन ने बताया कि आसिम मजदूरी कर चार बच्चों (एक बेटा और तीन बेटियां) का भरण-पोषण करता था। वह बृहस्पतिवार दोपहर काम पर निकला था और रात को वापस नहीं लौटा।

हिट एंड रन की आशंका, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
घटनास्थल पर काले रंग का एक वाहन वाइजर मिला है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मारी और चालक मौके से फरार हो गया। सीओ बी.एस. धौनी ने बताया कि पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि टक्कर मारने वाले वाहन का पता लगाया जा सके। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *