नई दिल्ली। जापान की प्रधानमंत्री सनाए तकाइची आज शाम तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचेंगी। प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनकी पहली आधिकारिक भारत यात्रा है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, वह 1 से 3 जुलाई तक भारत दौरे पर रहेंगी और इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ 16वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगी।
कल होने वाले शिखर सम्मेलन में दोनों नेता भारत-जापान विशेष रणनीतिक एवं वैश्विक साझेदारी की व्यापक समीक्षा करेंगे। बैठक में व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी, रक्षा, बुनियादी ढांचा, ऊर्जा, आपूर्ति श्रृंखला और लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। साथ ही क्षेत्रीय और वैश्विक महत्व के विषयों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
भारत और जापान के संबंध सदियों पुराने सांस्कृतिक एवं सभ्यतागत जुड़ाव, लोकतांत्रिक मूल्यों और साझा रणनीतिक हितों पर आधारित हैं। दोनों देश मुक्त, खुले और समावेशी हिंद-प्रशांत क्षेत्र की परिकल्पना को आगे बढ़ाने के लिए भी मिलकर काम कर रहे हैं।
शिखर सम्मेलन के दौरान ऊर्जा सहयोग को नई गति मिलने की भी संभावना है। दोनों देशों के बीच एलएनजी (LNG) आपूर्ति और ऊर्जा सुरक्षा से जुड़े समझौतों पर भी चर्चा होने की उम्मीद है।