पीलीभीत। जिला तैराकी संघ की अवैतनिक सचिव भावना मिश्रा ने बताया कि नगर की प्रतिभावान और उदीयमान तैराक श्रेया वैभवी सिंह का चयन आगामी 3, 4 व 5 जुलाई को लखनऊ के के.डी. सिंह बाबू स्टेडियम में आयोजित होने वाली राज्य जूनियर तैराकी चैंपियनशिप के लिए हुआ है। श्रेया इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में बरेली मंडल की तैराकी टीम की ओर से अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। वह चैंपियनशिप के दौरान 50 मीटर व 100 मीटर फ्रीस्टाइल तथा 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक स्पर्धाओं में बरेली मंडल का प्रतिनिधित्व करते हुए के.डी. सिंह बाबू स्टेडियम के तरणताल में उतरेंगी। विशेष बात यह है कि श्रेया वैभवी सिंह पीलीभीत के जाने-माने अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो खिलाड़ी रतन दीप सिंह की पुत्री हैं, जिन्होंने अब तैराकी के क्षेत्र में जिले का नाम रोशन किया है।
श्रेया वैभवी सिंह की इस शानदार खेल उपलब्धि और राज्य स्तर पर चयन होने से स्थानीय खेल प्रेमियों और प्रशासनिक अधिकारियों में हर्ष का माहौल है। उनकी इस सफलता पर जिला क्रीड़ाधिकारी राजेश गौड़, जिला तैराकी संघ पीलीभीत के अध्यक्ष डॉ. उपेंद्र नाथ मिश्रा, उपाध्यक्ष डॉ. जितेंद्र नाथ मिश्रा व सर्वेंद्र नाथ शुक्ल, बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव मनोज गंगवार, वॉलीबॉल एसोसिएशन के सचिव राजेश शुक्ल और जिला तैराकी संघ के कोषाध्यक्ष योगेश तनेजा सहित खेल जगत से जुड़े तमाम पदाधिकारियों ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए बधाई दी है।