रुद्रपुर। एसओएस चिल्ड्रन विलेज इंडिया जो वर्ष 1963 से अनाथ एवं संकटग्रस्त बच्चों के कल्याण हेतु कार्यरत एक गैर-लाभकारी एवं स्वैच्छिक संस्था है, महिला कल्याण निदेशालय,उत्तराखंड के साथ हुए समझौता ज्ञापन (एमओयू) के अन्तर्गत राज्य के सभी 13 जनपदों में किनशिप केयर कार्यक्रम का सफलतापूर्वक क्रियान्वयन कर रही है। इस कार्यक्रम के तहत कुल 282 बच्चे लाभान्वित हो रहे हैं जो मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना एवं स्पॉन्सरशिप योजना के अन्तर्गत नामांकित हैं।
ऊधमसिंहनगर जनपद में जिला प्रोबेशन अधिकारी के सहयोग से 18 बच्चों को किनशिप केयर कार्यक्रम के अन्तर्गत समर्थन प्रदान किया जा रहा है। इसी क्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी श्रीमती व्योमा जैन के सहयोग से शासकीय ऑब्जर्वेशन होम में बच्चों एवं उनके अभिभावकों के लिए एक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।कार्यशाला में एसओएस टीम द्वारा अभिभावकों एवं मेंटर्स के साथ बाल अधिकार,बाल संरक्षण नीति,बाल शोषण की रोकथाम तथा बाल विवाह के दुष्परिणामों पर विस्तार से चर्चा और जागरूक किया गया। बच्चों के समग्र विकास में शिक्षा एवं कौशल विकास की भूमिका पर विशेष जोर दिया गया। इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी श्रीमती व्योमा जैन, एसओएस चिल्ड्रन विलेज की ओर से संतोष सिंह (निदेशक एसओएस चिल्ड्रन विलेज उत्तराखंड,) राहुल मिंज एवं अरुण सिंह पाटनी उपस्थित रहे।