सारण (बिहार)। सारण जिले में पूर्वोत्तर रेलवे के छपरा–सिवान रेलखंड पर शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में 75 वर्षीय बुजुर्ग की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना दाउदपुर स्टेशन के समीप हुई, जिससे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
राजकीय रेल पुलिस के अनुसार, एकमा थाना क्षेत्र के माने गांव निवासी राजकुमार साह (75) रेलवे लाइन पार कर रहे थे। इसी दौरान वह किसी गुजर रही रेलगाड़ी की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही राजकीय रेल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।