पीलीभीत। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत कार्यरत शिक्षकों, शिक्षा मित्रों और अनुदेशकों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा की घोषणा किए जाने का कर्मचारी संगठनों ने पुरजोर स्वागत किया है। इस निर्णय को प्रदेश सरकार की एक ऐतिहासिक और कल्याणकारी पहल बताते हुए अनुदेशक कल्याण समिति (उत्तर प्रदेश) के प्रांतीय मंत्री प्रखर मिश्र ने हर्ष व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा के क्षेत्र में दी गई यह सुविधा शिक्षकों और शिक्षा जगत से जुड़े कर्मचारियों के लिए एक बड़ी राहत साबित होगी, जिससे वे बिना किसी आर्थिक मानसिक दबाव के बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त कर सकेंगे।
प्रांतीय मंत्री प्रखर मिश्र ने सरकार का आभार प्रकट करते हुए कहा कि इस योजना के दायरे में बेसिक शिक्षक, शिक्षा मित्र और अनुदेशक सभी को शामिल करना सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाता है। इससे पूर्व गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए इन कर्मचारियों को भारी आर्थिक संकट का सामना करना पड़ता था, लेकिन कैशलेस सुविधा शुरू होने से अब प्रदेश के लाखों परिवारों को सुरक्षा कवच मिल सकेगा। अनुदेशक कल्याण समिति की ओर से सरकार को साधुवाद देते हुए उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार की योजनाओं से शिक्षा विभाग के कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा, जिसका सकारात्मक प्रभाव प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था पर भी देखने को मिलेगा।