देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘जीरो टॉलरेंस ऑन करप्शन’ की नीति को दोहराते हुए एक बड़ी कार्रवाई की है। होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा विभाग में वर्दी खरीद प्रक्रिया में हुए घोटाले के मामले में मुख्यमंत्री ने निदेशक होमगार्ड (डिप्टी कमांडेंट) अमिताभ श्रीवास्तव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
क्या है पूरा मामला?
यह पूरा प्रकरण वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 के दौरान होमगार्ड्स के लिए वर्दी सामग्री की खरीद से जुड़ा है। आरोप है कि इस खरीद प्रक्रिया के टेंडर में बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताएं बरती गईं। महानिदेशक (होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा) द्वारा शासन को सौंपी गई रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ कि टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता का अभाव था और नियमों का खुलेआम उल्लंघन किया गया।
संयुक्त जांच समिति करेगी मामले की पड़ताल
महानिदेशक की रिपोर्ट और संस्तुति पर कड़ा संज्ञान लेते हुए सीएम धामी ने न केवल निलंबन के आदेश दिए, बल्कि मामले की गहराई से जांच के लिए एक संयुक्त जांच समिति गठित करने के निर्देश भी दिए हैं। यह समिति घोटाले के हर पहलू की जांच कर शासन को अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।
भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं: सीएम धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के प्रति कतई नरम नहीं है। उन्होंने कहा, “हमारी सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। किसी भी स्तर पर अनियमितता या भ्रष्ट आचरण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”
अधिकारियों में मची खलबली
भ्रष्टाचार के मामले में एक उच्च स्तरीय अधिकारी पर हुई इस सीधी कार्रवाई से शासन और प्रशासनिक गलियारों में खलबली मच गई है। मुख्यमंत्री की इस कार्रवाई को राज्य में पारदर्शी व्यवस्था लागू करने की दिशा में एक बड़े कदम के रूप में देखा जा रहा है।