पीलीभीत। कला और संस्कृति को समर्पित संस्था संस्कार भारती (ब्रज प्रांत), पीलीभीत इकाई द्वारा आगामी रविवार, 14 जून 2026 को एक भव्य “स्वरांजलि” कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। ‘कला की साधना, राष्ट्र की आराधना’ के ध्येय वाक्य के साथ आयोजित होने वाले इस गरिमामयी कार्यक्रम में स्वरसाम्राज्ञी लता मंगेशकर और आशा भोंसले को सामूहिक स्वरांजलि अर्पित की जाएगी।
इस संबंध में जानकारी देते हुए संस्कार भारती पीलीभीत के अध्यक्ष डॉ. भरत कंचन और मंत्री डॉ. ऋचा वाष्णेय ने संयुक्त रूप से बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि और मार्गदर्शक के रूप में संस्कार भारती, ब्रज प्रांत के यशस्वी प्रांतीय महामंत्री नंद नंदन गर्ग उपस्थित रहेंगे। उन्होंने स्थानीय इकाई के आमंत्रण को सहर्ष स्वीकार कर लिया है और वह स्वयं उपस्थित रहकर कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन व मार्गदर्शन करेंगे।
बेनहर पब्लिक स्कूल में सजेगी सुरों की महफिल
संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि “स्वरांजलि” कार्यक्रम का आयोजन 14 जून को सायं 5:30 बजे से बेनहर पब्लिक स्कूल के एरीना हॉल में किया जाएगा। संस्कार भारती परिवार द्वारा समस्त पदाधिकारियों, सदस्यों और प्रबुद्ध जनों से इस भावपूर्ण संगीतमय कार्यक्रम में सपरिवार और समय से पूर्व सम्मिलित होने की अपील की गई है, ताकि सामूहिक रूप से देश की महान विभूतियों को स्वरांजलि दी जा सके।