पीलीभीत/नैनीताल। नैनीताल में खेली जा रही 100वीं अखिल भारतीय टेंडर्स कप हॉकी प्रतियोगिता में हॉकी पीलीभीत एसोसिएशन से संबद्ध डायमंड हॉकी क्लब पूरनपुर का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। क्लब के संस्थापक एवं एसोसिएशन के संरक्षक महेश आजाद ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता के मुकाबले में खेलते हुए डायमंड हॉकी क्लब ने दमदार शुरुआत की और अपना पहला मैच चांदपुर के खिलाफ जीता। इसके बाद टीम ने अपने विजयी अभियान को आगे बढ़ाते हुए दूसरे कड़े मुकाबले में रानीखेत उत्तराखंड को 1-0 से शिकस्त दी। वहीं, तीसरे मैच में भी टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए बहराइच को 2-1 से हराकर अगले पायदान में अपना स्थान पूरी तरह सुरक्षित कर लिया है।
खिलाड़ियों की इस शानदार और लगातार जीत पर हॉकी पीलीभीत एसोसिएशन के संरक्षकों और पदाधिकारियों में भारी हर्ष है। एसोसिएशन के संरक्षक अनिल महेंद्रु, डॉ.अमिताभ अग्निहोत्री व सुरेश कौशल, अध्यक्ष प्रदीप खींची, सचिव जयप्रकाश बघेल तथा संयोजक दीपक सरकार सहित राजीव मिश्रा, दिनेश आजाद, सतीश सक्सेना और घासीराम गुड्डू सक्सेना आदि ने पूरी टीम और खिलाड़ियों को इस उपलब्धि पर बधाई दी है। साथ ही, सभी पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रतियोगिता के अगले चरण के मैचों के लिए अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।