रुद्रपुर। जिला मजिस्ट्रेट नितिन सिंह भदौरिया ने 8 नवंबर 2025 को मेलाघाट-खटीमा रोड स्थित सूखी नहर, झनकईया में हुए सड़क हादसे की जांच के आदेश दिए हैं। इस दुर्घटना में वाहन संख्या यूके-03-टीए-2344 के चालक पर तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाकर टुक-टुक वाहन संख्या यूके-06-ईआर-8145 को टक्कर मारने का आरोप है, जिसमें मो. कासिम की मृत्यु हो गई थी।
जिलाधिकारी ने मामले की विस्तृत जांच के लिए उप जिलाधिकारी खटीमा तुषार सैनी को जांच अधिकारी नामित किया है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
एसडीएम तुषार सैनी ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति के पास इस दुर्घटना से संबंधित कोई जानकारी, साक्ष्य या बयान है, तो वह विज्ञप्ति जारी होने की तिथि से तीन दिनों के भीतर उनके समक्ष प्रस्तुत कर सकता है। संबंधित व्यक्ति अपने साक्ष्य एवं कथन ई-मेल आईडी sdmkhatima1975@gmail.com पर भी भेज सकते हैं। प्रशासन ने लोगों से जांच में सहयोग करने की अपील की है।