सहारनपुर के रामपुर मनिहारान क्षेत्र में 24 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, हत्या का आरोप मृतक के साले और उसके मामा पर है। बताया जा रहा है कि युवक ने करीब चार महीने पहले अपने ही गांव की युवती से प्रेम विवाह किया था, जिससे लड़की का परिवार नाराज चल रहा था।

मृतक की पहचान शामली जिले के खेड़ी बैरागी निवासी शिव कुमार के रूप में हुई है। शिव कुमार अपनी पत्नी को पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने के लिए सहारनपुर आया था। परीक्षा समाप्त होने के बाद दोनों कार से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में युवती का भाई वहां पहुंच गया और कार रुकवा ली। उसने अपनी बहन से घर चलने के लिए कहा, लेकिन बहन ने उसके साथ जाने से इनकार कर दिया।

बताया जाता है कि इसी बात को लेकर शिव कुमार और उसके साले के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि गुस्से में साले ने तमंचा निकालकर शिव कुमार की कनपटी पर गोली मार दी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस युवक को अस्पताल लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, शिव कुमार ने एमएससी और एलएलबी की पढ़ाई की थी तथा 3 मार्च को उसे एसएसएफ में नौकरी का नियुक्ति पत्र भी मिला था, हालांकि उसने अभी तक जॉइनिंग नहीं की थी। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *