— ड्रमंड, जीजीआईसी और उपाधि कॉलेज सहित कई केंद्रों पर सुरक्षा व सीसीटीवी कैमरों का लिया जायजा
— लापरवाही बरतने पर दी कड़ी कार्रवाई की चेतावनी, स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को लगातार भ्रमण के निर्देश
पीलीभीत। जनपद में आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक अमला पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में आज जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने संयुक्त रूप से विभिन्न परीक्षा केंद्रों का तूफानी दौरा किया। दोनों आला अधिकारियों ने ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी), सनातन धर्म बांके बिहारी राम इंटर कॉलेज, एस.एन. इंटर कॉलेज, उपाधि महाविद्यालय और राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर वहां की सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने परीक्षा केंद्रों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता, कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली, प्रश्नपत्रों व उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षा के लिए बनाए गए स्ट्रांग रूम सहित अन्य महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं को स्वयं देखा। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा की शुचिता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए। परीक्षा कक्षों में प्रकाश और परीक्षार्थियों के बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने ड्यूटी पर तैनात स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा अवधि के दौरान वे लगातार विभिन्न कक्षों का भ्रमण करते रहें। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि परीक्षा के संचालन में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि ड्यूटी के दौरान कोई अप्रत्याशित समस्या या व्यवधान आता है, तो उसकी सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दी जाए ताकि समय रहते सुधारात्मक कदम उठाए जा सकें। निरीक्षण के समय केंद्रों पर तैनात स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और कक्ष निरीक्षक उपस्थित रहे।
