पीलीभीत। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता, राज्यसभा सांसद एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह के निर्देशानुसार पीलीभीत में पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदेश में व्याप्त भीषण बिजली संकट, अघोषित कटौती, महंगी दरों और स्मार्ट मीटर की गड़बड़ियों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। जिलाप्रभारी व प्रांतीय उपाध्यक्ष एडवोकेट सुनीता गंगवार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन करने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों के माध्यम से महामहिम राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और बिजली व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग उठाई।
जिलाप्रभारी एडवोकेट सुनीता गंगवार ने इस मौके पर सरकार को घेरते हुए कहा कि इस भीषण गर्मी के मौसम में पूरे प्रदेश की जनता बिजली संकट से त्रस्त है। कई जिलों में 22 से लेकर 48 घंटे तक बिजली गुल रहने की घटनाएं सामने आ रही हैं। राजधानी लखनऊ सहित राज्य के तमाम हिस्सों में आम नागरिक, किसान, व्यापारी और छात्र अघोषित कटौती के कारण बेहाल हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश की जनता देश में सबसे महंगी बिजली दरें चुका रही है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें पर्याप्त और निर्बाध बिजली आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। सरकार के दावे केवल कागजों तक सीमित हैं, जबकि जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल उलट है जिससे आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो चुका है।

बदहाल बिजली व्यवस्था पर दुख और आक्रोश जताते हुए जिला महासचिव एडवोकेट संजय कुमार ने बाराबंकी की एक हृदयविदारक घटना का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बाराबंकी में बिजली न होने के कारण सड़क किनारे सो रहे एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जो प्रदेश की लचर बिजली व्यवस्था का सबसे बड़ा और दुखद उदाहरण है। आम आदमी पार्टी ने इस पूरी घटना की उच्चस्तरीय जांच कराने और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा व न्याय देने की मांग की है। वहीं पंचायत प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष विनोद कुमार भारती ने कहा कि जब जनता बुनियादी सुविधाओं के लिए त्राहि-त्राहि कर रही है, तब सरकार के जिम्मेदार मंत्री समाधान खोजने के बजाय गैर-जिम्मेदाराना बयानबाजी कर रहे हैं।
इसके साथ ही आम आदमी पार्टी ने प्रदेश में लगी स्मार्ट मीटर व्यवस्था को जनता के आर्थिक शोषण का जरिया बताया। नेताओं ने कहा कि पूरे प्रदेश से फर्जी बिलिंग, गलत रीडिंग और अचानक कई गुना बढ़कर आ रहे बिजली बिलों की शिकायतें आ रही हैं, लेकिन विभाग द्वारा उपभोक्ताओं की इन समस्याओं का कोई प्रभावी समाधान नहीं किया जा रहा है। प्रदर्शन के दौरान ‘आप’ कार्यकर्ताओं ने अघोषित कटौती बंद करने, निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने, बिजली दरों की वृद्धि पर रोक लगाने और स्मार्ट मीटर की गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जल्द ही इन समस्याओं का समाधान नहीं किया, तो जनता के हितों के लिए इस आंदोलन को पूरे प्रदेश में और उग्र किया जाएगा।
इस विरोध प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के कार्यक्रम में मुख्य रूप से बीसलपुर विधानसभा अध्यक्ष रामशंकर दुबे, अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष रामसिंह सोनकर, सदर विधानसभा अध्यक्ष (पंचायत प्रकोष्ठ) रिंकू दिवाकर, रामपाल सागर, बबलू मिश्रा, मिश्री लाल सोनकर, हरप्रसाद वर्मा, राघव गिहार, प्रमोद कुमार, मनोज भारती, राजवीर, प्रवीण कुमार, वंस, नन्हे लाल, आयुष, नीरज देवी और बबलू सहित भारी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।