पीलीभीत। पीलीभीत प्रीमियर क्रिकेट लीग सीजन-1 का आठवां मुकाबला एम ३ आर सुपरजायंट्स और लवली किंग्स ११ के बीच बेहद रोमांचक रहा, जिसमें एम ३ आर सुपरजायंट्स ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए लवली किंग्स को 10 रनों से पराजित कर जीत अपने नाम की। इस महत्वपूर्ण मैच में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य नितिन पाठक उपस्थित रहे, जिन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। मुकाबले में एम ३ आर सुपरजायंट्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया और निर्धारित 20 ओवरों में नौ विकेट के नुकसान पर 154 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। एम ३ आर की ओर से बल्लेबाजी करते हुए गीतांश दत्त ने मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट लगाए और 2 छक्कों व 6 चौकों की मदद से सर्वाधिक 57 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली, जबकि शुभ ने 17 रनों का उपयोगी योगदान दिया। लवली किंग्स की तरफ से गेंदबाजी में फरहान ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए तीन विकेट और फिरोज ने दो विकेट चटकाए।
155 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लवली किंग्स की टीम एम ३ आर सुपरजायंट्स की सटीक गेंदबाजी के आगे संघर्ष करती नजर आई और पूरी टीम 144 रनों पर ही ढेर हो गई। लवली किंग्स की ओर से नातिक ने जुझारू बल्लेबाजी करते हुए अपनी टीम के लिए सर्वाधिक 30 रनों का योगदान दिया, लेकिन वह टीम को जीत की दहलीज पार कराने में असफल रहे। मैच को निष्पक्ष और सुचारू रूप से संपन्न कराने में अंपायर शिशिर मिश्रा और रिजवान ने मुख्य भूमिका निभाई, जबकि मैच का आंखों देखा हाल सुनाकर दर्शकों को बांधे रखने का काम कमेंटेटर मणिकांत मिश्रा और गगन प्रताप सिंह ने किया। मैच के अंत में एम ३ आर की जीत के मुख्य सूत्रधार रहे गीतांश दत्त को उनकी शानदार और मैच जिताऊ अर्धशतकीय पारी के लिए मुख्य अतिथि द्वारा ‘मैन ऑफ द मैच’ के पुरस्कार से नवाजा गया।