नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली एक बार फिर गोलियों की गूँज से दहल उठी है। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के मौजपुर इलाके में शुक्रवार देर रात कुछ अज्ञात हमलावरों ने एक कैफे के भीतर घुसकर 24 वर्षीय युवक की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है।
कैफे के भीतर दिया वारदात को अंजाम
दिल्ली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह वारदात वेलकम थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक कैफे में हुई। रात करीब 10:28 बजे जब युवक कैफे में मौजूद था, तभी हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगने के तुरंत बाद युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस कर रही हमलावरों की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम और फॉरेंसिक एक्सपर्ट मौके पर पहुँच गए। पुलिस कैफे और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। शुरुआती जांच में पुलिस इसे आपसी रंजिश का मामला मानकर चल रही है, हालांकि हत्या के असली कारणों का पता जांच के बाद ही चल पाएगा।
वेलकम थाना क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाई गई
वारदात के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश तेज कर दी है। देर रात हुई इस हत्या ने दिल्ली में कानून व्यवस्था और सुरक्षा पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हई।