रुद्रपुर। मिनी गोल्फ फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में 25 से 30 जून 2026 तक रायपुर (छत्तीसगढ़) में आयोजित होने वाली 11वीं सीनियर महिला एवं पुरुष मिनी गोल्फ चैंपियनशिप के लिए उत्तराखंड टीम का चयन ट्रायल रविवार को एस.सी. गुड़िया आई.एम.टी. कॉलेज में संपन्न हुआ।

चयन ट्रायल में प्रदेशभर से आए करीब 40 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। ट्रायल के आधार पर सीनियर महिला एवं पुरुष वर्ग की उत्तराखंड टीम का गठन किया जाएगा, जो आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में राज्य का प्रतिनिधित्व करेगी।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एस.सी. गुड़िया आई.एम.टी. कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर एवं द मिनी गोल्फ एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष पवन कुमार बक्शी उपस्थित रहे। जिला ओलंपिक संघ ऊधम सिंह नगर के अध्यक्ष डॉ. नागेंद्र शर्मा ने बताया कि चयनित खिलाड़ियों की सूची शीघ्र जारी की जाएगी, ताकि उन्हें राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए तैयार किया जा सके।

चयन प्रक्रिया के दौरान लोकेश पांडेय, जया पाण्डेय, दीपक गुप्ता, योगेश पाण्डेय, कशिश शर्मा एवं मनजोत कौर ने निर्णायक की भूमिका निभाई।

इस अवसर पर एस.सी. गुड़िया लॉ कॉलेज के रजिस्ट्रार डॉ. सुधीर डूबे, मिनी गोल्फ संघ के सचिव डॉ. दीपक गुप्ता सहित कॉलेज एवं संघ के अन्य पदाधिकारी और सदस्य भी मौजूद रहे। आयोजकों ने सफल आयोजन के लिए कॉलेज प्रबंधन का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *