​पीलीभीत। जिला होम्योपैथिक अधिकारी डॉ. राजीव शर्मा के निर्देशन में शनिवार को जनपद के विभिन्न राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालयों में ‘विश्व तंबाकू निषेध दिवस’ का आयोजन किया गया। आगामी कल रविवार होने के कारण यह जागरूकता कार्यक्रम आज ही आयोजित किया गया। इस दौरान भिखारीपुर, अमरिया, पचपेड़ा महाराजपुर, सहरा मऊ उत्तरी, कनाकोर, जहानाबाद, सिंधौरा खड़कपुर, खननका उच्चीसीय, लालपुर, सबलपुर, मुड़िया नूरानपुर, सखोला, शेरपुर, पूरनपुर और मुजफ्फरनगर सहित तमाम राजकीय चिकित्सालयों पर विशेष संगोष्ठियों के माध्यम से मरीजों को जागरूक किया गया।


​समारोह में उपस्थित चिकित्सकों ने रोगियों को तंबाकू और धूम्रपान से होने वाले गंभीर रोगों व स्वास्थ्य हानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। डॉक्टरों ने मरीजों को समझाते हुए कहा कि सिगरेट और बीड़ी के धुएं से न सिर्फ धूम्रपान करने वाले को नुकसान होता है, बल्कि उनके आस-पास रहने वाले लोग भी ‘पैसिव स्मोकिंग’ के कारण इसकी चपेट में आ जाते हैं, जिससे उन्हें भी कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी हो सकती है। इसके अलावा, गुटखा और पान मसाला के सेवन से गालों के अंदर का कैंसर होना आजकल बहुत आम बात हो गई है। डॉक्टरों ने इन सभी घातक पदार्थों का तुरंत त्याग करने की सलाह दी तथा अच्छी सेहत के लिए नियमित व्यायाम करने, हरी सब्जियां और मौसमी फलों का अधिक से अधिक सेवन करने पर जोर दिया। इन गोष्ठियों के माध्यम से सैकड़ों मरीजों को लाभ मिला।


​इसी क्रम में स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय (मेडिकल कॉलेज) परिसर में भी एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यहां मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आलोक कुमार तथा मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रमाकांत सागर की गरिमामयी मौजूदगी में चिकित्सालय में आए सभी रोगियों और तीमारदारों को तंबाकू युक्त पदार्थों का जीवन में कभी भी सेवन न करने की दृढ़ शपथ दिलाई गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi